रीमान परिकल्पना, लेवेंट अल्पोगे और एआई का गणितीय युग

The following article was written for the Hindi newspaper Dainik Lokmat (Rajasthan). It’s about the recent announcement about the proof of the Riemann hypothesis.

Please feel free to use your translator to read this.

रीमान परिकल्पना क्या है?

रीमान परिकल्पना गणित का एक बहुत प्रसिद्ध सवाल है। इस सवाल की जड़ें महान गणितज्ञ गाउस के प्राइम नंबरों (अभाज्य संख्या) पर किए गए काम तक जाती हैं। 19वीं सदी में गाउस ने अपने हाथों से गिना कि 100 से कम कितने प्राइम नंबर हैं, 1000 से कम कितने, 10000 से कम कितने, और इसी तरह आगे भी। इन गिनतियों से उन्होंने एक क्रम पहचाना: किसी संख्या x से कम प्राइम नम्बरों की गिनती मोटे तौर पर x/log(x) के अनुपात में बढ़ती है।

गाउस के इस अनुमान के पीछे का कारण समझाने में रीमान ने एक असाधारण कदम उठाया। उन्होंने कॉम्प्लेक्स नम्बरों पर परिभाषित रीमान ज़ीटा फ़ंक्शन का उपयोग किया। हैरानी की बात यह थी कि इस फ़ंक्शन में प्राइम नम्बरों के बारे में वे सभी गहरी जानकारियाँ छिपी थीं, जिन्हें हम जानना चाहते थे। इस रीमान ज़ीटा फ़ंक्शन से फिर गाउस की गणना का राज़ खुला। रीमान का प्रश्न यह था कि गाउस के अनुमान में त्रुटि कितनी है। 1859 में रीमान ने अपने रीमान ज़ीटा फ़ंक्शन को देखकर सोचा कि यह ऐरर लगभग x के वर्गमूल के स्तर की होनी चाहिए। यह एक बेहद मजबूत आकलन था जिसे हम तब से रीमान परिकल्पना कहते हैं।

शुरू में यह संख्या-सिद्धांत का विशेष प्रश्न लग सकता था। धीरे-धीरे गणितज्ञों को पता चला कि यह तकनीक उससे बहुत आगे जाती है। किसी विशेष गिनती को किसी कॉम्प्लेक्स फ़ंक्शन से जोड़ने का विचार क्रिप्टॉग्रफ़ी, ज्यामिति, भौतिकी और अनेक जगह दिखाई देने लगा। अलग-अलग क्षेत्रों में ज़ीटा फ़ंक्शन और उनसे जुड़ी रीमान परिकल्पना के सिद्धांत बनते गए। इस तरह एक प्रश्न ने गणित के दूर-दूर फैले क्षेत्रों को एक-दूसरे से जोड़ दिया और पूरे गणित के भीतर उसकी भूमिका बढ़ती गई।

इसका महत्त्व हिल्बर्ट से जुड़े प्रसिद्ध कथन से भी समझा जा सकता है: यदि वे हजार वर्ष बाद लौटें, तो सबसे पहले पूछेंगे कि रीमान परिकल्पना हल हुई या नहीं। क्ले मैथेमैटिक्स इंस्टिट्यूट ने इसे अपने प्रसिद्ध मिलेनियम प्राइज़ प्रॉब्लम्ज़ में रखा और उस पर एक बड़ा नकद पुरस्कार भी निर्धारित किया। लेकिन पैसे से ज्यादा महत्त्व इस बात का है कि इसे आधुनिक गणित के सबसे गहरे खुले प्रश्नों में माना जाता था।

लेवेंट अल्पोगे का दावा

लेवेंट अल्पोगे गणितज्ञ हैं और अपने संख्या-सिद्धांत के काम के लिए पहले से जाने जाते थे। लार्ज लैंग्विज मॉडल्ज़ (एलएलएम) के आगमन के साथ उनका करियर एक नई दिशा में मुड़ा। वे गणित से निकलकर एंथ्रोपिक नामक संस्थान से जुड़े, जहाँ क्लॉड एआई के विकास में उनका योगदान रहा। वे प्री-ट्रेनिंग में काम करते हैं—उस चरण में, जहाँ इंटरनेट से प्राप्त विशाल ट्रेनिंग डेटा को साफ और उपयोगी बनाया जाता है ताकि मॉडल्ज़ को प्रशिक्षित किया जा सके। इस बदलाव ने उन्हें नए मॉडल्ज़ के साथ निकटता से काम करने और गणितीय प्रश्नों के साथ प्रयोग करने का अवसर भी दिया।

लेवेंट अल्पोगे के हाथों में ऐसे ऐसे क्लॉड के वर्ज़न होते हैं जो सार्वजनिक नहीं होते। अल्पोगे एक प्रभावशाली गणितज्ञ होने के साथ ही कुछ महीनों से इस उपलब्धि के चलते गणित के बहुत पुराने सवालों के हल बताते आ रहे हैं। अब आख़िर उन्होंने क्लॉड के ज़रिए रीमान परिकल्पना का हल भी खोज लिया। 20 नवम्बर को रीमान परिकल्पना के प्रमाण को साझा करते वक्त उन्होंने कहा “I believe I have, working with Claude, discovered a proof of the Riemann Hypothesis.”

AI और गणित

इस घटना को हाल ही में बढ़ती हुई एआई कम्पनियों की प्रतिस्पर्धा के बारे में बात किए बिना नहीं समझा जा सकता। अल्पोगे जैसे गणितज्ञों और उनसे जुड़े मॉडल्ज़ के काम को ओपन एआई जैसी प्रतिस्पर्धी कम्पनियों की गणितीय उपलब्धियों के साथ देखा जाना चाहिए। ओपन एआई ने भी अपने एलएलएम चैट जीपीटी के ज़रिए गणित की बड़ी समस्याओं पर अपने हल सामने रखे हैं। कुछ ही समय पहले नावियर स्टोक्स, जो कि एक और मिलेनियम प्राइज़ प्रॉब्लम है, पर जुड़े विषय पर भी इनके बीच दावे और विवाद हुए थे। उस विवाद में भी अल्पोगे का नाम जुड़ा था।

यह माहौल गणित की शांतिप्रिय संस्कृति जैसा कम और एआई कंपनियों के बीच युद्ध जैसा ज़्यादा लगता है। बड़ी तकनीकी कंपनियाँ इन दावों में भारी धनराशि लगा रही हैं। सिर्फ एक कठिन सवाल हल होना उद्देश्य नहीं रह गया; यह भी दिखाना उद्देश्य बन गया है कि किस कंपनी का मॉडल कितना अच्छा है। इसलिए अल्पोगे के प्रूफ का महत्त्व गणितीय विचारों के साथ-साथ इस नई प्रतिस्पर्धा और उसके प्रदर्शन से भी जुड़ा है।

इस प्रमाण के साथ एक और पुरानी परंपरा टूटती दिखाई दी—प्रमाण को सादगी से इंसानों को समझाने की परंपरा। अल्पोगे ने अपना प्रूफ लीन भाषा में प्रस्तुत किया। लीन कम्प्यूटर की भाषा है, जिसमें गणितीय तर्क को कोड के रूप में एआई द्वारा लिखा जाता है और कंप्यूटर से ही जाँचा जा सकता है। चिंता यह नहीं कि कंप्यूटर इसे समझ सकता है; चिंता यह है कि सामान्य गणितज्ञ या मानव पाठक के लिए यह प्रस्तुति समझने में कितनी आसान है। प्रमाण तो रख दिया गया, लेकिन क्या उसकी पूरी जानकारी मनुष्य के लिए लिखी गई?

एसोसिएशन फ़ॉर ह्यूमन मैथेमैटिक्स ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए गणित के उद्देश्य का सवाल उठाया: “This corporate model of proof production seems to be designed to excuse humans from responsibility for scientific work.” इसका अर्थ यह है कि गणित मात्र सही कथनों या मशीन के ज़रिए जाँचे गए निष्कर्षों का संग्रह नहीं होना चाहिए। वह मनुष्य के लिए और मनुष्य की भलाई के लिए होना चाहिए।

अगर पूरी प्रक्रिया में इंसान की कोई वास्तविक भूमिका नहीं रहती—न वह प्रश्न चुनता है, न रास्ता समझता है, न परिणाम को ग्रहण करने में भागीदार बनता है—तो हम गणित की मानवीय कला को धीरे-धीरे कमज़ोर कर सकते हैं। इसे अर्थशास्त्र में “gradual disempowerment” (धारावह शक्तिहीनता) कहा जाने लगा है: ऐसी प्रक्रिया जिसमें मनुष्य एकाएक बेकार नहीं हो जाते, लेकिन समय के साथ उनकी समझ, भागीदारी और नियंत्रण घटते चले जाते हैं। डर यह है कि यदि एआई सब कुछ कर देगा, तो मनुष्य क्या करेगा? मनुष्य की भूमिका केवल मशीन के काम को देखना, उसकी घोषणा स्वीकार करना और उससे आए परिणाम का उपभोग करना रह जाएगी?

और यह सवाल गणित तक सीमित रहने वाला नहीं है। आज यह बहस रीमान परिकल्पना, लीन कम्प्यूटर लैंग्विज और एआई मॉडल्ज़ के माध्यम से खुल रही है, लेकिन वही बदलाव धीरे-धीरे दूसरे पेशों में आने की पूरी संभावना है। प्रत्येक क्षेत्र को तय करना होगा कि ऑटोमेशन से उसकी उत्पादकता बढ़ानी है और मनुष्य को प्रक्रिया से बाहर करना है या मशीन की मात्र सहायता लेनी है और अपनी समझ का नियंत्रण उसे पूर्ण रूप से नहीं सौंप देना है।


This page was updated on November 22, 2026.
Main Page